महासंग्राम | राम रावण युद्ध की गाथा में निहित तत्व को उजागर करती कविता, असत्य, अधर्म, अनैतिकता के विरुद्ध संघर्ष का सशक्त आह्वान है।

 

  पुरातन काल का था वो महासंग्राम 

  घर्षण ऐसी महाशक्तिओं के मध्य 

  सुपरिचित अब भी हैं जिनके नाम 

  उधर लंकाधिपती दिग्विजयी रावण

  इधर बनवासी मर्यादा-पुरुषोत्तम राम 

 

एक ओर शक्ति प्रकाश की,

दूसरी ओर अन्धकार का बल 

तेज सत्य का था इस ओर,

दूसरी ओर कपट और छल

 

अंत हुआ अन्धकार प्रकाश के पुंज से

नष्ट हुआ छल सत्य की गूँज से

आशा नवीन अंकुरित हुई सृष्टि में

वसुंधरा मग्न हुई आनंद की वृष्टि में 

 

दिवाली का उत्सव दीप अवलिओं से चमका

नभ नगर का धमाकों की ध्वनियों से धमका

उस महासंग्राम पर हम आज भी करते हैं गर्व

गरिमामय संकृति का  है एक स्वर्णिम पर्व

 

किन्तु आज कैसा है कोलाहल अशुभ समाचार का

इधर भ्रष्टाचार, उधर दुराचार, वहां अत्याचार का

अब दीपावली अभिनंदन भी कुंठित सा लगता है

धरोहर मूल्यों को, ये समय अनभिज्ञ सा तकता है

 

बीती गाथाओं के बल पर कब तक

करते रहेंगे हम यह जीवन व्यतीत

जो थे अमूल्य आदर्श उस संग्राम के,

आज क्या हम कर सकते हैं प्रतीत?

 

नहीं? तो क्या एक बार फिर हम

विवश हो राम की प्रतीक्षा करेंगे

केवल आँखे मूँद कर अपनी

अधम संसार की समीक्षा करेंगे?

जागो साथियों कमर कसो,

महासमर का आव्हान है

इस दीपावली की रक्षा में,

निहित तुम्हारा सम्मान है

 

बनाओ उस महासंग्राम को  

जीवन का अपने अटूट अंग  

करो तहस-नहस स्वर्ण-लंका को,

उस रावण का हर अंग भंग

 

विजयी जब हो तुम अपने

इस विकट अभियान में

झूमो मगन हो तभी तुम

दीवाली के मुदित गान में |

मुकुल सरन

नवम्बर २९, २०१०

 

#महासंग्राम #दीपावली #श्रीराम #रामायण #सत्यकीविजय #धर्मकीविजय #हिंदीकविता #ओजकविता #भारतीयसंस्कृति #नैतिकजागरण #प्रकाशकीविजय #सनातनसंस्कृति #DiwaliPoem #HindiPoetry #MahaSangram